एटा। नगर में प्रत्येक मंगलवार को लगने वाले मंगल बाजार को बंद कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से लग रहे इस साप्ताहिक बाजार के कारण स्थानीय दुकानदारों के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी तहसील परिसर पहुंचे और एसडीएम को लिखित ज्ञापन देकर किला रोड पर लगने वाले मंगल बाजार को बंद कराने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि वे जीएसटी पंजीकृत व्यापारी हैं, नियमित रूप से दुकान का किराया, बिजली बिल और अन्य करों का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद मंगलवार को लगने वाले बाजार के कारण उनकी बिक्री में भारी गिरावट आती है, जिससे आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि स्थानीय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंगल बाजार के संचालन पर रोक लगाने या कोई वैकल्पिक व्यवस्था करने पर विचार किया जाए।
उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए उनके ज्ञापन पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में नितिन गुप्ता (खुशबू मेडिकल स्टोर), अरविंद कुमार (किराना स्टोर), मुनीश कुमार (रुचिका साड़ी सेंटर), गिरीश कुमार, दीपक, अमन शाक्य, सुरेंद्र कुमार, रमाकांत मिश्रा, अरुण गुप्ता, सुखदेव, राजबाला, आकाश शाक्य, राजू यादव, मोहित गुप्ता, शाहनवाज, अजय मिश्रा, असलम, फैजान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Leave a Reply