एटा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अलीगंज तहसील परिसर में प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार संजय सिंह को सौंपा। इस दौरान किसानों ने भारत-अमेरिका डील का विरोध करते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की और विभिन्न किसान व जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया।

भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान तहसील परिसर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दोपहर करीब दो बजे तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में किसानों ने भारत-अमेरिका डील को तत्काल रद्द करने, गलत खतौनियों को दुरुस्त कराने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने, अयोध्या मंदिर चंदा चोरी प्रकरण के आरोपियों को जेल भेजने, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गारंटी कानून लागू करने तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रभावित छात्र-छात्राओं को मुआवजा देने की मांग की।

किसानों का कहना था कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में चौधरी हरपाल सिंह, सुरेश सिंह यादव, विनोद यादव, शैतान सिंह, मेहरबान सिंह, अरविंद कुमार, आनंद कुमार, कलेक्टर सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।