रामशाला स्कूल के पास देर रात हुआ हादसा, बिजली आपूर्ति बाधित; विभाग ने शुरू कराया मरम्मत कार्य

एटा। अलीगंज कस्बा के मोहल्ला कांशीराम स्थित रामशाला स्कूल के पास सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि एक बेकाबू अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे लगे विद्युत पोल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लो टेंशन (एलटी) लाइन के दो बिजली पोल टूट गए, जबकि करीब 100 मीटर विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। जेई अतर सिंह लाइनमैनों एवं अन्य कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त पोल को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद टूटी हुई विद्युत लाइन का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू किया गया। विभाग की टीम बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी रही।

अलीगंज विद्युत उपखंड के एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दो एलटी लाइन के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं और लगभग 100 मीटर विद्युत लाइन टूट गई है। मौके पर जेई अतर सिंह विभागीय कर्मचारियों के साथ मौजूद हैं तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विद्युत विभाग के अनुसार क्षतिग्रस्त पोल और लाइन को बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है तथा जल्द से जल्द क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।