आजम नगर गौशाला में दो दिन से बिजली आपूर्ति बाधित, जनरेटर से पानी भरवाने के दिए निर्देश; जलभराव पर जेसीबी लगाने को कहा

एटाJ। विकास खण्ड अलीगंज के आजम नगर स्थित गौशाला में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण गोवंश के लिए पानी की व्यवस्था प्रभावित हो गई। जानकारी मिलने पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शिव शंकर शर्मा ने सोमवार को गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बिजली न होने के कारण समर से पानी नहीं भरे जाने की स्थिति सामने आई।

बीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल जनरेटर की व्यवस्था कर समर से पानी भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि गौशाला में गोवंश के लिए पानी की कमी न होने पाए।

बारिश से गौशाला के बाहर हुआ जलभराव

निरीक्षण के दौरान गौशाला के बाहर बारिश के कारण जलभराव भी मिला। इस पर बीडीओ ने तत्काल जेसीबी लगाकर पानी की निकासी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला के आसपास पानी जमा नहीं रहना चाहिए, जिससे गोवंश के साथ वहां काम करने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी न हो।

बीमार गायों के उपचार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुछ गायें बीमार भी पाई गईं। इस पर बीडीओ ने संबंधित चिकित्सक को बीमार गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमार गायों की नियमित निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल इलाज कराया जाए।

व्यवस्थाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी

बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने गौशाला की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी, साफ-सफाई और बीमार गोवंश के उपचार की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त रखने को कहा।

उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल शुरू की जाए और गौशाला में गोवंश के लिए पानी तथा उपचार की व्यवस्था लगातार बनी रहे। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं का तत्काल समाधान कराने पर भी जोर दिया गया।