
एटा। बारावफात जुलूस को सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्वेताभ पाण्डेय ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में जुलूस के दौरान भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
एएसपी ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
संभ्रांत लोगों और आयोजन समिति से की वार्ता
भ्रमण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों और आयोजन समिति के सदस्यों से भी वार्ता की। उन्होंने जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
एएसपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा झूठी खबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी सूचना पर बिना पुष्टि किए विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी लोगों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने कहा कि बारावफात जुलूस को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Leave a Reply