
रिजोर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव के समीप खेत में औंधे मुंह पड़ा मिला शव, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
एटा/सकीट। थाना रिजोर क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर के समीप शनिवार सुबह बाजरा के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में औंधे मुंह शव पड़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ किसान अपने खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाजरा के खेत में एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना तेजी से गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
एक हाथ में बंधा मिला अंगोछा
ग्रामीणों के अनुसार मृतक के एक हाथ में अंगोछा बंधा हुआ था। हालांकि शव की स्थिति और मौत के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंचा। टीमों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है और आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाजरा के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य थानों को भी सूचना दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Leave a Reply