अलमारी में चाबियां लगी थीं, फिर भी लॉकर का ताला टूटा मिला; 20 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की बात भी निकली गलत
एटा। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खैरपुरा में बंद मकान में चोरी की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बेटे की शादी के बाद बहू को जेवर न देने पड़ें, इसलिए चोरी की कहानी रची गई थी। घटनास्थल पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले की हकीकत सामने ला दी।
शनिवार और रविवार की रात मकान स्वामी सुरेंद्र पुत्र दुलारे लाल ने पुलिस को सूचना दी कि वह घेर में सोने चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी तथा बक्से के ताले तोड़कर जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू की।
2023 में शादी के लिए बनवाए थे जेवर
जांच में पता चला कि वर्ष 2023 में बेटे की शादी के लिए अलीगंज स्थित श्री श्याम ज्वेलर्स से पांच जेवर बनवाए गए थे। इनमें तीन सोने और दो चांदी के जेवर शामिल थे। जेवर बनवाने के दौरान करीब 36 हजार रुपये उधार हुए थे। बाद में मकान निर्माण और बेटे की शादी के खर्च के चलते झाले, मंगलसूत्र और कमरबंद करीब 45 हजार रुपये में उसी ज्वेलर्स के यहां गिरवी रख दिए गए थे। नोजपिन बेटे की पत्नी को दे दी गई थी।
7 अगस्त को छुड़ाए और फिर कुछ जेवर गिरवी रखे
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को सुरेंद्र और उसका बेटा इंद्रपाल ज्वेलर्स के यहां गिरवी रखे जेवर छुड़ाने पहुंचे थे। इस दौरान कमरबंद और पायल छुड़ा ली गईं, जबकि झाले और मंगलसूत्र दोबारा उसी ज्वेलर्स के यहां गिरवी रख दिए गए। इसके बाद चोरी की घटना में इन्हीं जेवरों के चोरी होने की बात बताई गई।
अलमारी में चाबी, फिर भी टूटा मिला लॉकर का ताला
पुलिस जांच में कई बातें संदेह पैदा करने वाली सामने आईं। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, अलमारी में सभी चाबियां लगी हुई थीं, इसके बावजूद लॉकर का ताला टूटा हुआ मिला। जिस बक्से में जेवर रखे होने की बात कही गई, उसमें ताला ही नहीं लगा था। वहीं जेवरात की रसीद भी घर के बजाय घेर में मिली। इन परिस्थितियों को पुलिस ने संदिग्ध मानते हुए पूछताछ तेज की।
20 हजार रुपये की नकदी की बात भी निकली गलत
जांच के दौरान शिकायत में बताए गए 20 हजार रुपये भी घर से चोरी होने की बात गलत पाई गई। पुलिस की पूछताछ में पूरी कहानी सामने आ गई। पुलिस का कहना है कि बेटे की पत्नी को जेवर न देने पड़ें, इसी वजह से चोरी की कहानी तैयार की गई थी।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply