अरबगढ़ गांव में हुई घटना, पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
एटा। जलेसर थाना क्षेत्र के अरबगढ़ गांव में बंधे हुए 10 पालतू सुअर चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर रात के समय पशुओं को चोरी कर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चोरी गए सुअरों की तलाश शुरू कर दी है।
अरबगढ़ निवासी विजय कुमार पुत्र सत्यप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके 10 पालतू सुअर बंधे हुए थे। 24 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे के आसपास अज्ञात लोग उन्हें चोरी कर ले गए। काफी तलाश करने के बाद भी जब सुअरों का पता नहीं चला तो पीड़ित ने जलेसर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस टीम चोरी गए सुअरों के साथ-साथ घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है। संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
सुअर चोरी ने दिलाई आजम खां की भैंस चोरी की याद
पालतू सुअरों की चोरी की घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सपा सरकार के दौरान आजम खां की भैंस चोरी की चर्चित घटना का भी जिक्र होने लगा है। उस समय भैंस चोरी होने के बाद पुलिस द्वारा उनकी तलाश किए जाने का मामला काफी चर्चा में रहा था। हालांकि, मौजूदा मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जलेसर थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने गुरुवार सुबह करीब आठ बजे बताया कि सुअर चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और चोरी गए सुअरों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply