
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम विजयपुर में मंगलवार और बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने बंद पड़े चार घरों को निशाना बनाया। चोरी की घटनाओं में जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है। घटनास्थलों और पीड़ितों का क्रम इस प्रकार है—
पहला घर : परमेश्वरी देवी का मकान
परमेश्वरी देवी पत्नी रोशन सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया। उनकी बेटी रिंकी ने बताया कि वे दो बहनें हैं और उनकी मां वृद्ध हैं। मां दूसरे मकान में सो रही थीं, जबकि इस मकान में सामान रखा हुआ था। चोर उनके पति की दो अंगूठियां, बेटे की चेन, गले के दो ओम, एक जोड़ी पायल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घर में छोटी बहन का सामान भी रखा हुआ था।
दूसरा घर : ऊषा देवी के परिवार का मकान
इसके बाद चोरों ने उस मकान को निशाना बनाया, जहां दो भाई अलग-अलग कमरों में रहते हैं। एक भाई दिल्ली में नौकरी करता है। परिवार की ऊषा देवी ने बताया कि रिश्ते के चाचा की पत्नी बीमार होने के कारण परिवार के लोग उनके घर गए हुए थे और मकान बंद था। चोर यहां से एक जंजीर, कानों के झाले, पायल, दो अंगूठियां और करीब सात हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
तीसरा घर : जगरूप का कमरा
इसी मकान परिसर में दूसरे भाई जगरूप के अलग कमरे को भी चोरों ने निशाना बनाया। जगरूप ने बताया कि वह रात में अपनी भैंसों के पास सो रहे थे। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर चांदी की पायल और कंदनी चोरी कर ली।
चौथा घर : रामदास सिंह का मकान
चौथी घटना रामदास सिंह पुत्र कामता सिंह के मकान में हुई। उनके चचेरे भाई शरण सिंह ने बताया कि परिवार के सभी लोग दिल्ली में रहते हैं और मकान में कोई नहीं रहता। चोरों ने घर के ताले तोड़कर ड्रम में रखा पानी का मोटर चोरी कर लिया। अन्य सामान की जानकारी परिवार के लोगों के आने के बाद ही हो सकेगी।
एक ही गांव में चार घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घटनास्थलों की जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और फील्ड यूनिट तथा फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
Leave a Reply