
निर्माण कार्य गिराने का विरोध करने पर पति और जेठ से मारपीट, पत्नी की तहरीर पर 10 नामजद के खिलाफ मुकदमा
एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के कैल्ठा गांव में जमीन और निर्माण कार्य को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। प्लॉट पर सो रहे युवक और उसके जेठ के साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से मारपीट किए जाने का आरोप है। मामले में घायल युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैल्ठा निवासी रूबी पत्नी रामशंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके प्लॉट पर मकान निर्माण का कार्य चल रहा है। रविवार तड़के करीब तीन बजे वह अपने पति रामशंकर और जेठ जगवीर के साथ प्लॉट पर मौजूद थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के रामरहीश, आदेश, धर्मेंद्र, राघवेंद्र और बालेंद्र पुत्रगण अंगद सिंह, भूपेंद्र पुत्र पप्पू निवासी अल्लादासपुर थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद, कमला देवी पत्नी अंगद सिंह, पिंकी पुत्री अंगद सिंह और अनीता देवी पत्नी रामरहीश वहां पहुंच गए।
तहरीर के अनुसार आरोपियों ने एकराय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित तौर पर नाजायज असलाह के बल पर प्लॉट में हो रहे निर्माण कार्य को गिरा दिया। पति रामशंकर और जेठ जगवीर ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लाठी-डंडों, लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से किए गए हमले में रामशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना के बाद घायल रामशंकर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया।
महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामला जमीन और निर्माण कार्य से जुड़े विवाद का है। घटनास्थल, चोटों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply