
सकीट (एटा)। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार शनिवार को सकीट क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भरतोली में माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की जुलाई माह की थीम “स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुरक्षित आदतें” रही, जिसके माध्यम से माताओं और अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय स्टाफ ने किया। इस दौरान शिक्षकों ने माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक भोजन तथा विद्यालय में नियमित उपस्थिति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए घर और विद्यालय के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित आकर्षक गतिविधियों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं माताओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) निर्माण गतिविधि भी कराई गई, जिसमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान माताओं ने घर में पानी की बचत करने, नियमित रूप से हाथ धोने तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ आदतें अपनाने का संकल्प भी लिया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजू जादौन ने कहा कि बाल वाटिका एवं प्राथमिक स्तर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह ऐसे उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चों और अभिभावकों में शिक्षा के प्रति रुचि एवं जागरूकता बनी रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं, अभिभावक, विद्यालय स्टाफ एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply