अलीगंज में निजी कार्यक्रम में पहुंचे प्रभारी मंत्री, सांसद मुकेश राजपूत और ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

एटा। अलीगंज में कायमगंज रोड स्थित पूर्व जिला उपाध्यक्ष के कार्यालय पर आयोजित निजी कार्यक्रम में एटा के प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत, फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत और भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत ने सपा और उसके नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा, जबकि क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।

प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के कई जिलों में पहुंचकर समीक्षा बैठकें की हैं। विभागीय एमडी से भी वार्ता कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि काफी हद तक सुधार हुआ है और जो कार्य शेष हैं, उन्हें भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा।

लोधी समाज के सम्मान के बयान पर अखिलेश यादव को घेरा

सपा मुखिया अखिलेश यादव के लोधी समाज को उचित सम्मान देने संबंधी बयान पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि लोधी समाज अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों से प्रेरणा लेता है। उन्होंने कहा कि समाज वीरांगना अवंती बाई, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और ब्रह्मानंद के संघर्ष और योगदान को नहीं भूल सकता।

राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कैलाश राजपूत ने मुलायम सिंह यादव की सरकार पर कारसेवकों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 1992 में कल्याण सिंह मुख्यमंत्री थे और उन्होंने मुख्यमंत्री पद से अधिक महत्व राम मंदिर आंदोलन को दिया। छह दिसंबर 1992 की घटना के बाद पुरातत्व विभाग की जांच हुई और मामला न्यायालय तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह का योगदान ऐतिहासिक रहा। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन राज्यपाल की मौजूदगी में भूमि पूजन हुआ। उन्होंने कहा कि इसके बाद कल्याण सिंह का निधन हो गया और ऐसा लगता है कि उनका जन्म ही राम मंदिर निर्माण के लिए हुआ था।

पीडीए को लेकर भी सपा पर निशाना

प्रभारी मंत्री ने अखिलेश यादव के पीडीए फार्मूले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में परिवार और एक विशेष जाति के लोगों को अधिक लाभ मिला। पीसीएस भर्ती का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक समय कम पदों में भी बड़ी संख्या में यादव समाज के अभ्यर्थियों के चयन को लेकर सवाल उठे थे।

उन्होंने पुलिस भर्ती सहित अन्य सरकारी भर्तियों में भी अनियमितता के आरोप लगाए। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री से सपा सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों की सूची सार्वजनिक किए जाने की मांग की, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।

आजम खां को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कई जांचें हुई हैं और अब उनका कोई राजनीतिक स्तर नहीं बचा है।

2027 से पहले संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य

ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि सड़कों के गड्ढों और विकास कार्यों से जुड़े विषयों को सरकार के प्रतिनिधि के रूप में प्रभारी मंत्री देख रहे हैं। वह संगठन के कार्यकर्ता के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।

अफसरशाही के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक विपक्ष या भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से ऐसा कोई विषय उनके सामने नहीं आया है कि अफसरशाही हावी है। उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन कार्यकर्ता की जिम्मेदारी नहीं बदलती।

पूरन लाल लोधी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसके तहत वह निचले स्तर से संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता, आशीष राजपूत, अमोद गुप्ता, मुन्ना लाल गुप्ता, टीपू गुप्ता, राघवेंद्र गुप्ता, विनोद आर्या, विकास गुप्ता, गोपाल शर्मा, सर्वेंद्र राजपूत, सानू आर्य, रामविलास वर्मा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।