
मारहरा (एटा)। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला पिदौरा-रतनपुर मार्ग अपनी जर्जर हालत के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और बारिश के कारण हुए जलभराव से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क और पुल की मरम्मत कराने की मांग की है।
पिदौरा पंचायत से शुरू होकर करीब तीन किलोमीटर लंबा यह मार्ग नौजलपुर, सम्मोखर सहित आधा दर्जन गांवों को मारहरा और जिला मुख्यालय से जोड़ता है। पुल से पहले यह मार्ग मारहरा-पीएसी रोड में मिल जाता है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, छात्र-छात्राएं और मरीज आवागमन करते हैं।
मार्ग की सबसे खराब स्थिति रतनपुर गांव स्थित हजारा नहर पर बने पुल की है। पुल पर कई बड़े और गहरे गड्ढे बन चुके हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। रात के समय यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण घटिया सामग्री से किए जाने के कारण कुछ ही समय में वह उखड़ गई। कई बार शिकायत करने के बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि हजारा नहर पुल एवं पिदौरा-रतनपुर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही पुल पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply