एटा। मत्स्य पालन से जुड़े किसानों और इच्छुक लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राज्य स्तरीय योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 अगस्त 2026 कर दी गई है। पहले यह अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी।
सहायक निदेशक मत्स्य प्रकाश चंद्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल पर आवेदन की अवधि बढ़ाई गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन योजनाओं में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, उनमें मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आईसबॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
सहायक निदेशक ने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं की पात्रता, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही पूर्व वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन निरस्त हो गए थे या प्रतीक्षारत थे, वे भी दोबारा आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने इच्छुक लाभार्थियों से अपील की है कि वे 5 अगस्त 2026 से पहले आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, द्वितीय तल, विकास भवन, एटा या मोबाइल नंबर 9758590909 पर संपर्क किया जा सकता है।
Leave a Reply