
एटा। कोतवाली जलेसर क्षेत्र में चोरों ने एक कृषि यंत्र निर्माण एवं मरम्मत कारखाने को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते अंदर घुसकर करीब 1.50 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुर निवासी देवेन्द्र कुमार पुत्र श्री साहब सिंह का रेलवे रोड स्थित कृषि यंत्र निर्माण एवं पुरानी मशीनों की मरम्मत का कारखाना है। पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार रात अज्ञात चोर कारखाने की छत पर बने जीने की दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
देवेन्द्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर कारखाने की दराज में रखी ₹5,000 की नकदी, 4 बैटरियां, ऑटो स्पेयर पार्ट्स, विभिन्न प्रकार की बेरिंग तथा 50 किलो से अधिक तांबा युक्त विद्युत केबल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1.50 लाख बताई गई है।
शनिवार सुबह जब कारखाना खोला गया तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
पीड़ित ने कोतवाली जलेसर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने, चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Leave a Reply