एटा। कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के इच्छुक किसानों के लिए राहतभरी खबर है। अब ऑनलाइन बुकिंग की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त 2026 कर दी गई है, जिससे अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठा सकेंगे।

उप कृषि निदेशक सुमित पटेल ने बताया कि नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (NMAM) योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि ड्रोन, अन्य एकल कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े एकल कृषि यंत्रों और कस्टम हायरिंग सेंटर पर भी अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पहले ऑनलाइन बुकिंग की अवधि 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक निर्धारित थी, लेकिन किसानों की सुविधा को देखते हुए कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने इसे बढ़ाकर 1 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक कर दिया है।

उप कृषि निदेशक ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर अनुदान योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय रहते आवेदन करने से किसान आधुनिक कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरण रियायती दरों पर प्राप्त कर अपनी खेती को अधिक लाभकारी और आधुनिक बना सकते हैं।