एटा। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन जी ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के स्थायी समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक शिकायतकर्ता को संतोषजनक न्याय मिल सके। साथ ही विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन जी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सदर में 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील अलीगंज में 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का तत्काल समाधान किया गया, जबकि तहसील जलेसर में 11 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हुआ। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

तहसील जलेसर में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) तथा तहसील अलीगंज में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को प्रभावी एवं शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

सदर तहसील में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, उपजिलाधिकारी श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी थानों के प्रभारी उपस्थित रहे।