
एसडीएम शशि शेखर ने दीप प्रज्वलित कर किया खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन, एनसी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
एटा। जीडी इंटरनेशनल स्कूल अलीगंज में बुधवार, 4 नवंबर को दो दिवसीय वार्षिक स्पोर्ट्स मीट ‘उड़ान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। खेल महोत्सव के पहले दिन विद्यालय के एनसी से लेकर कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। मैदान में बच्चों का जोश और खेलों के प्रति उनका उत्साह देखने लायक रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम अलीगंज श्री शशि शेखर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित करके किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से बच्चों में शारीरिक एवं मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
स्पोर्ट्स मीट के शुभारंभ अवसर पर नायब तहसीलदार अलीगंज वरुण कुमार, एबीएसए अलीगंज विनोद कुमार तथा एबीएसए जैथरा मुकेश कुमार सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
दो दिवसीय खेल महोत्सव के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बच्चों की भागीदारी ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक शौर्य राठौर एवं प्रदीप सिंह ने प्रभावशाली अंदाज में किया। दोनों शिक्षकों ने मंच संचालन के साथ खेल महोत्सव की विभिन्न गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया। वहीं विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर यश यादव, प्रधानाचार्य आकाश शुक्ला सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। स्पोर्ट्स मीट के दूसरे दिन भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।



Leave a Reply