
एटा। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा विकसित ‘नीति तारा’ (NITI TARA) टूलकिट के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन स्थित शताक्षी सभागार में जनपद स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह मिश्र ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के संचालन, उपयोग और योजनाओं की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान नीति आयोग की सहयोगी संस्था EdCIL के प्रतिनिधि सौरभ वर्मा ने बताया कि नीति तारा एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से सभी विभाग अपनी आईडी और पासवर्ड के जरिए विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। साथ ही अन्य विभागों की प्रगति का भी अवलोकन कर सकेंगे। इससे योजनाओं की निगरानी अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से संभव हो सकेगी।
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह मिश्र ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के लागू होने से सरकारी योजनाओं की रियल टाइम मॉनीटरिंग संभव होगी। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और डेटा आधारित रिपोर्टिंग के माध्यम से योजनाओं की प्रभावी समीक्षा कर त्वरित एवं सटीक निर्णय लिए जा सकेंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपनी प्रगति रिपोर्ट अपलोड करना सुनिश्चित करें तथा टूलकिट का प्रभावी ढंग से उपयोग करें।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि नीति आयोग द्वारा यह टूलकिट आकांक्षी विकास खण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विकास खण्ड अवागढ़ और जैथरा के साथ-साथ जनपद स्तर पर भी लागू की गई है। इससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत निगरानी, मूल्यांकन और गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, उप कृषि निदेशक सुमित पटेल, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राम प्रकाश, एलडीएम सौरभ वर्मा, अपर सांख्यिकी अधिकारी मुनीष कुमार, वरिष्ठ सहायक श्रवण कुमार, खंड विकास अधिकारी अवागढ़ पी.एस. आनंद, खंड विकास अधिकारी जैथरा शिव शंकर, एबी फेलो आराधना एवं अनुराधा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, एटा द्वारा किया गया।
Leave a Reply