कासगंज। कछला घाट से गंगा स्नान कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे एटा के 65 वर्षीय श्रद्धालु की सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार तड़के करीब पांच बजे मालगोदाम चौराहा और मिशन चौराहा के बीच हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के आगे बैठे वृद्ध को रास्ते में नींद की झपकी आ गई। असंतुलित होकर वह नीचे गिर पड़े और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आकर पहियों की चपेट में आ गए।
जनपद एटा के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम वीरमपुर निवासी प्रवीण पुत्र राजाराम के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर करीब 35 ग्रामीण कछला घाट गंगा स्नान करने गए थे। सोमवार सुबह सभी लोग गंगा स्नान के बाद वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर के आगे वाले हिस्से पर ग्राम नगला गोजिया निवासी छोटेलाल (65) पुत्र मुंशीलाल बैठे हुए थे।
रास्ते में अचानक उन्हें नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान वह संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। गिरते ही वह ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच आ गए और पहियों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक प्रवीण और अन्य ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से छोटेलाल को जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को जानकारी दी। थाना कोतवाली देहात एटा पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
35 ग्रामीणों के साथ गए थे गंगा स्नान करने
बताया गया है कि वीरमपुर गांव से करीब 35 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला घाट गंगा स्नान करने गए थे। वापसी के दौरान हुए हादसे में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस हादसे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
Leave a Reply