इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान, कोतवाली नगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; जांच शुरू

एटा। नाबालिग स्कूली बच्चों को कथित तौर पर उकसाकर प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कराने और उसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने महिला होम ट्यूटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मामले में दरोगा गगनदीप की लिखित शिकायत के आधार पर प्रतिभा पुत्री शिवकुमार यादव निवासी हिम्मतपुर काकामई उर्फ बादामपुर, थाना मिरहची के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी महिला के बारे में बताया गया है कि वह बच्चों को होम ट्यूशन पढ़ाती है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।

बताया गया है कि वायरल वीडियो में महिला बच्चों से बातचीत करती दिखाई दे रही है। वीडियो में कुछ बच्चे पहले अपनी बोतल, नोटबुक और किट चोरी होने की बात कहते हैं। इसके बाद महिला कथित तौर पर बच्चों से पूछती है कि यह सब कौन चोरी कर रहा है। इसी दौरान कुछ बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए उनसे संबंधित आपत्तिजनक बातें कहते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में कुछ बच्चे चुनाव और वोट चोरी से संबंधित बातें भी कहते नजर आ रहे हैं। वहीं, बातचीत के दौरान कुछ बच्चों द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे से संबंधित टिप्पणियां किए जाने का भी दावा किया जा रहा है। वीडियो के अंत में कुछ बच्चे देशव्यापी विरोध की बातें करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वीडियो की सत्यता, उसके निर्माण की परिस्थितियों और उसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया तथा इसे सोशल मीडिया पर किस उद्देश्य से अपलोड किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।