
जसरथपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने किया वारदात का खुलासा, तीन गिरफ्तार; एक सोने की बाली और 2250 रुपये बरामद
एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव महाराजपुर में करीब 10 दिन पहले महिला के घर में घुसकर की गई चोरी और मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना जसरथपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में घटना में प्रकाश में आए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीली धातु की एक कान की बाली और 2250 रुपये बरामद किए हैं। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

शराब पीने के बाद बनाई वारदात की योजना
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले आरोपी संतोष पाठक ने जलेबी-समोसे की दुकान खोली थी। 21 अगस्त की शाम उसने अपने साथी शिशुपाल, शिवम, विष्णु और अवध पाल को दुकान पर शराब पीने के लिए बुलाया। शराब पीने के बाद संतोष ने साथियों को बताया कि गांव में एक ऐसा घर है, जहां एक महिला अपने बच्चों के साथ अकेली रहती है और वहां 40 से 50 हजार रुपये मिल सकते हैं।
इसके बाद पांचों आरोपियों ने महिला के घर को निशाना बनाने की योजना बनाई और रात में वहां पहुंच गए।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुए
पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपियों में विष्णु घर से सटे खंभे के सहारे छत पर चढ़ गया। इसके बाद उसने नीचे आकर घर की कुंडी खोल दी। कुंडी खुलने के बाद सभी आरोपी घर के अंदर दाखिल हो गए, जबकि शिशुपाल जीने के पास खड़ा रहा। अन्य आरोपी घर में रुपये और कीमती सामान तलाशने लगे।
जब काफी तलाश के बाद उन्हें कोई खास सामान नहीं मिला तो आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। डर के कारण महिला ने अपने कानों से दोनों बालियां उतारकर आरोपियों को दे दीं। मारपीट के दौरान एक बाली वहीं गिर गई, जबकि दूसरी बाली आरोपी लेकर फरार हो गए। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखे 6000 रुपये भी आरोपी अपने साथ ले गए।
शोर मचाने पर भागे बदमाश
महिला ने मौका पाकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने के डर से सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में पीड़िता की तहरीर पर 22 अगस्त को थाना जसरथपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
9200 रुपये में बेच दी लूटी गई बाली
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संतोष पाठक ने महिला से लूटी गई कान की बाली अपनी जान-पहचान के ऋतिक वर्मा को 9200 रुपये में बेच दी थी। बाली बेचने से मिले रुपये और गल्ले से लूटे गए 6000 रुपये को आरोपियों ने आपस में बांट लिया।
पुलिस ने बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 310(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश
पुलिस ने मामले में संतोष पाठक पुत्र रामलड़ैते पाठक निवासी महाराजपुर थाना जसरथपुर, शिशुपाल पुत्र जिलेदार निवासी कलिन्जर थाना अलीगंज और ऋतिक वर्मा पुत्र अशोक वर्मा निवासी किशनगंज, जैथरा को गिरफ्तार किया है।
वहीं घटना में प्रकाश में आए शिवम पुत्र बलवीर सिंह निवासी चुलावली थाना टूंडला, विष्णु निवासी इटावा और अवध पाल निवासी नोली थाना मेरापुर, फर्रुखाबाद की तलाश की जा रही है।
गुरुग्राम में करते थे नौकरी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष और शिशुपाल पहले गुरुग्राम में नौकरी करते थे और घटना से कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और घटना में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में जसरथपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार उपाध्याय, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक श्रवण कुमार निगम और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील लांबा अपनी-अपनी टीम के साथ शामिल रहे।
Leave a Reply