सकीट/एटा। थाना मलावन क्षेत्र में पुरांव स्थित टोल प्लाजा के समीप सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक कुमर मनोहर इंटर कॉलेज की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पुरांव टोल प्लाजा के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दूसरी बाइक पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पहली बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान जगप्रसाद पुत्र श्रीराम, निवासी पहलादपुर, बदरपुर (दिल्ली) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सुबोध पुत्र वीनेश, आशू पुत्र सुनील निवासी बहादुरपुर तथा अभिषेक पुत्र सत्यवीर निवासी ग्राम नगला थुली, थाना सकीट शामिल हैं।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं तीनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।