जल चढ़ाकर लौट रहे दो भाइयों की बाइक और ऑटो में भिड़ंत, दोनों भाइयों की हालत गंभीर; हायर सेंटर रेफर

एटा। जनपद एटा के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में अलीगंज-दरियावगंज मार्ग पर केल्ठा गांव के पास सड़क दुर्घटना में ऑटो सवार युवक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि एक घायल की हालत उपचार के बाद स्थिर बताई गई।

जानकारी के अनुसार, अंकुश पुत्र मनोज निवासी साहीपुर, जनपद फर्रुखाबाद अपने भाई संदीप पुत्र जीवाराम निवासी साहीपुर, थाना कंपिल के साथ पटना उसैत में जल चढ़ाकर बाइक से वापस लौट रहे थे। दोनों भाइयों को सराय अघट में अपने मित्र के यहां जाना था। इसी दौरान अलीगंज-दरियावगंज मार्ग पर केल्ठा गांव के पास उनकी बाइक की ऑटो से भिड़ंत हो गई।

ऑटो सवार ने बाइक को बताया हादसे की वजह

हादसे में ऑटो सवार विशाल पुत्र श्याम बाबू, उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी ठड़ई थाना पटियाली, जनपद कासगंज भी घायल हो गया। विशाल ने बताया कि वह ऑटो में बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक तेज गति से आकर ऑटो से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया।

बाइक सवार ने ऑटो पर लगाया आरोप

वहीं घायल बाइक सवार अंकुश ने हादसे के लिए ऑटो को जिम्मेदार बताया। उसका कहना है कि ऑटो की वजह से बाइक की टक्कर हुई, जिसमें वह और उसका भाई संदीप घायल हो गए। दुर्घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

दो घायलों को किया गया रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखलाक खान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोगों को अस्पताल लाया गया था। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। अंकुश और संदीप की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि ऑटो सवार विशाल की हालत उपचार के बाद स्थिर है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली है। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।