
नाले का पानी घेर में आने से दीवार गिरने का आरोप, तहसीलदार ने राजस्व टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराने की बात कही
एटा। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज बारिश और हवा के दौरान पचंदा-अगौनापुर मोड़ के पास करीब 100 फीट लंबी घेर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने के दौरान आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में जनहानि की सूचना नहीं है।
अगौनापुर निवासी वरुण चतुर्वेदी पुत्र राम रूप चतुर्वेदी ने बताया कि बुधवार दोपहर क्षेत्र में तेज बारिश के साथ हवा चल रही थी। इसी दौरान उनके घेर की करीब 100 फीट लंबी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के गिरने से घेर में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है। अचानक दीवार गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
नाले का पानी घेर में आने का आरोप
पीड़ित वरुण चतुर्वेदी का आरोप है कि घेर के सामने बने नाले को कुछ ग्रामीणों द्वारा बंद कर दिया गया है। नाला बंद होने के कारण बारिश का पानी बाहर निकलने के बजाय घेर की तरफ आ जाता है। उनका कहना है कि लगातार बारिश के चलते घेर के आसपास पानी भर गया, जिससे दीवार की नींव कमजोर हो गई। बुधवार को तेज हवा और बारिश के दौरान दीवार अचानक ढह गई।
राजस्व टीम ने शुरू किया नुकसान का आकलन
घटना की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद राजस्व टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर दीवार गिरने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान का उचित आकलन कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
तहसीलदार बोले- नियमानुसार होगी कार्रवाई
अलीगंज तहसीलदार संजय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। जांच और आकलन के बाद नियमानुसार पात्रता के आधार पर आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply