सकीट (एटा)। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भरतोली में भारत के राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ के अंगीकरण दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं ध्वजारोहण के साथ हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर गांव में प्रभात फेरी निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “तिरंगा हमारी शान है” जैसे देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए, जिससे पूरे गांव का माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
प्रधानाध्यापिका अंजू जादौन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि 22 जुलाई 1947 को तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया गया था। उन्होंने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग त्याग और साहस, सफेद रंग शांति और सत्य तथा हरा रंग समृद्धि और विकास का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान करने और देश की सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों के मन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका अंजू जादौन के अलावा प्रियंका, भगवान सिंह, सुदामा नंदन, मिथलेश सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया।


Leave a Reply