एटा। थाना नयागांव पुलिस ने ढाई माह पहले हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक Motorola Moto G85 मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ एटा, मैनपुरी और कन्नौज जनपदों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, चोरी के सामान सहित धराए
शुक्रवार को थाना नयागांव पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रजपुरा स्थित एक खंडहर बारातघर के पास दो संदिग्ध युवक चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से थाना नयागांव के मुकदमा संख्या 50/2026 से संबंधित चोरी का नीले रंग का Motorola Moto G85 मोबाइल, एक जोड़ी झाले, एक अंगूठी, एक करधनी और एक जोड़ी पायल बरामद हुई।
पीड़ित ने की सामान की पहचान
पुलिस ने घटना के वादी को मौके पर बुलाकर बरामद मोबाइल और जेवरात की पहचान कराई। पीड़ित ने सभी सामान को अपना चोरी गया माल बताया, जिसके बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए सामान कब्जे में ले लिया।

चोरी के माल का बंटवारा करने पहुंचे थे आरोपी
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब ढाई माह पहले उन्होंने थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम रामनगर स्थित एक मकान में रात के समय चोरी की थी। चोरी के बाद मोबाइल और जेवरात अपने पास रख लिए थे। शुक्रवार को दोनों चोरी के सामान का आपस में बंटवारा करने के लिए मिले थे, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- नेक्सू उर्फ सूरज पुत्र रामप्रकाश, निवासी ग्राम रजपुरा, थाना नयागांव, जनपद एटा।
- विमलेश पुत्र फूल सिंह, निवासी ग्राम रजपुरा, थाना नयागांव, जनपद एटा।
हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार नेक्सू उर्फ सूरज एक शातिर एवं आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ एटा, मैनपुरी और कन्नौज के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, चोरी का माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

बरामद सामान
- एक Motorola Moto G85 मोबाइल फोन (नीला रंग)
- एक जोड़ी झाले (पीली धातु)
- एक अंगूठी (पीली धातु)
- एक करधनी (सफेद धातु)
- एक जोड़ी पायल (सफेद धातु)
पुलिस टीम की सराहना
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आर.के. सिंह, उपनिरीक्षक मनीन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक दीपक दोहरे, कांस्टेबल रोहित कुमार, रिजर्व कांस्टेबल कुशल, निर्दोष और फईम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया।
Leave a Reply