कांवड़ यात्रा से पहले पीडब्ल्यूडी को सड़क मरम्मत के निर्देश, लेकिन अलीगंज-एटा, अलीगंज-फर्रुखाबाद, अलीगंज-कंपिल और अलीगंज-सराय अघात मार्ग पर अब भी जगह-जगह गड्ढे

अलीगंज (एटा)। सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों का दावा कर रहा है, लेकिन अलीगंज क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों की जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा सभी संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद कई प्रमुख सड़कों पर अब भी गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे श्रद्धालुओं और आम राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कांवड़ मार्गों पर गड्ढों का भराव, पेचवर्क, सड़क की पटरी की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां तय समय में पूरी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।

इसके बावजूद अलीगंज-फर्रुखाबाद (कायमगंज) मार्ग, अलीगंज-एटा मार्ग, अलीगंज-कंपिल मार्ग तथा अलीगंज-सराय अघात मार्ग पर कई स्थानों पर सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील दिखाई दीं। कांवड़ यात्रा के दौरान इन्हीं मार्गों से हजारों शिवभक्त गुजरेंगे, ऐसे में खराब सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।

छह महीने से बदहाल सड़क, हादसे बढ़ने का दावा

अलीगंज विकासखंड के नगला पड़ाव निवासी अनिल भदौरिया का कहना है कि सड़क की हालत पिछले लगभग छह महीने से खराब बनी हुई है। उनके अनुसार तीन दिन पहले मक्का से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढों के कारण पलट गई थी। इसके अलावा ई-रिक्शा और छोटे वाहन भी आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

राहगीरों ने जताई चिंता

स्थानीय राहगीर उपदेश कुमार ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरना पड़ता है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है और आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़क का दुरुस्तीकरण आवश्यक है।

एसडीएम बोले— पीडब्ल्यूडी को दोबारा दिए गए निर्देश

उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक में सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी यात्रा मार्गों के गड्ढे भरने और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के लिए पुनः निर्देशित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डीएम ने दी सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर गड्ढों का भराव, पेचवर्क, सड़क पटरी की सफाई और झाड़ियों की कटाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों को प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय, जल निकासी और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत विभाग को पोलों और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पीडब्ल्यूडी का पक्ष नहीं मिल सका

समाचार प्रकाशित किए जाने से पहले लोक निर्माण विभाग, एटा के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) ललित अग्रवाल से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी। इसलिए समाचार प्रकाशित होने तक विभाग का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया।