एटा। मलावन थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और मासूम बेटी घायल हो गईं। परिवार दिल्ली मजदूरी करने जा रहा था, तभी रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, अनूप (30) पुत्र धम्मीलाल, निवासी जोकर फर्दपुर, थाना बिछवा, अपनी पत्नी ज्योति और बेटी अनुष्का के साथ बाइक से दिल्ली मजदूरी करने जा रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे मलावन थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव के समीप उनकी बाइक अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल मलावन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल अनूप को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं पत्नी ज्योति और बेटी अनुष्का को मामूली चोटें आने पर उपचार दिया गया।

पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ज्योति और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ज्योति ने बताया कि वह अपने पति के साथ रोजगार की तलाश में दिल्ली जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।

मलावन थाना प्रभारी क्षत्रपाल सिंह ने बताया कि महुआखेड़ा गांव के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में अनूप की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।