
एटा। जनहित एवं शासकीय कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह ने जनपद में तैनात डिप्टी कलेक्टर/उप जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. शशि शेखर, जो वर्तमान में नवागत डिप्टी कलेक्टर के रूप में तैनात हैं, को उप जिलाधिकारी एवं उप जिला मजिस्ट्रेट अलीगंज नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें सभापति मंडी, अलीगंज का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी क्रम में रविंद्र सिंह को उप जिलाधिकारी (न्यायिक), अलीगंज बनाया गया है। उन्हें उप जिलाधिकारी (न्यायिक) जलेसर तथा सभापति मंडी, अवागढ़ के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं विपिन कुमार को अपर उप जिलाधिकारी, एटा नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त उन्हें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र-105 मारहरा, नियंत्रक प्राधिकारी (विनियमित क्षेत्र), एटा तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (भारत निर्वाचन आयोग), एटा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसके अलावा अनवर राशिद फारुकी, जो वर्तमान में उप जिलाधिकारी (न्यायिक), अलीगंज के पद पर कार्यरत थे, को उप जिलाधिकारी (न्यायिक), एटा बनाया गया है। उनके पूर्व के अन्य अतिरिक्त प्रभार यथावत रहेंगे।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा जारी यह स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त अलीगढ़ मंडल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

Leave a Reply