
एटा। थाना क्षेत्र के ग्राम पुन्हैरा में मंगलवार देर रात जल निगम की पानी की टंकी पर चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। तीन शातिर चोर टंकी परिसर से इनवर्टर और दो बैटरियाँ चोरी कर ले गए, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के चलते उनमें से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे ग्रामीणों को जल निगम की पानी की टंकी परिसर में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। शक होने पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि तीन युवक टंकी परिसर में रखे इनवर्टर और दो बैटरियाँ निकाल चुके थे तथा अन्य सामान चोरी करने की कोशिश कर रहे थे।
ग्रामीणों ने तत्काल घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख तीनों चोर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही जलेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की गिरफ्त में आए आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पकड़ा गया युवक मारहरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके फरार साथियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों की सतर्कता और साहस की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply