
दिल्ली से घर लौट रहा युवक समेत तीन गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर
एटा। अलीगंज-एटा मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। रविवार सुबह जैथरा थाना क्षेत्र के मोर्चा गांव के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दिल्ली से घर लौट रहा एक युवक भी शामिल है। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे फर्रुखाबाद जिले के थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव जसूपुर निवासी अनुराग पुत्र रामवीर दिल्ली से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। मोर्चा के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों से बचने के प्रयास में उनकी बाइक असंतुलित हो गई और सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर दौदगंज निवासी 50 वर्षीय नेम सिंह अपने 22 वर्षीय पुत्र रजनेश और 19 वर्षीय पुत्री सुमन के साथ अलीगंज से जैथरा क्षेत्र के कल्याणपुरा जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
तीन की हालत गंभीर, किया गया रेफर
सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि घायल अनुराग, नेम सिंह और सुमन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि रजनेश का उपचार सीएचसी अलीगंज में किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
जैथरा थानाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सड़क पर बने गहरे गड्ढों से बचने के दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने की बात सामने आई है। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर केवल चालक था। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अलीगंज-एटा मार्ग लंबे समय से गहरे गड्ढों से जर्जर बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रविवार का हादसा भी सड़क की बदहाली का नतीजा माना जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

Leave a Reply