मिड-डे मील, साफ-सफाई और भवन सुरक्षा का लिया जायजा, बच्चों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
अलीगंज (एटा)। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के जर्जर विद्यालयों की स्थिति का शनिवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शिव शंकर शर्मा ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय नगला भज्ज सहित विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर भवनों की जर्जर स्थिति, मिड-डे मील की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। बीडीओ के औचक निरीक्षण से विद्यालयों में मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों में हलचल रही।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने सबसे पहले विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं, बरामदों और अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने बच्चों से भी बातचीत कर शिक्षा व्यवस्था और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद मिड-डे मील योजना का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्यान्न के रखरखाव और भोजन तैयार करने की व्यवस्था का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता के नियमों का हर हाल में पालन किया जाए।

विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ शिव शंकर शर्मा स्वयं छत पर पहुंचे और बरसात के दौरान होने वाले जलभराव का निरीक्षण किया। उन्होंने छत पर जमा पानी, सीपेज और उससे भवन को होने वाले संभावित नुकसान का आकलन किया। उन्होंने कहा कि लगातार जलभराव रहने से भवन की मजबूती प्रभावित हो सकती है, इसलिए समय रहते आवश्यक मरम्मत कराना बेहद जरूरी है।
बीडीओ ने संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिए कि यदि विद्यालय भवन का कोई हिस्सा अधिक क्षतिग्रस्त या असुरक्षित दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों की इमारतें अधिक जर्जर हैं, वहां बच्चों को सुरक्षित स्थान पर बैठाकर शिक्षण कार्य कराया जाए। साथ ही भवनों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल विभाग को सूचित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय परिसर, शौचालयों और पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा शिक्षकों को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए आवश्यक है तथा शासन की प्राथमिकता भी यही है कि प्रत्येक छात्र सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त करे।
बीडीओ के इस निरीक्षण को क्षेत्र के जर्जर विद्यालयों की स्थिति सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई कि निरीक्षण के बाद विद्यालय भवनों की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्यों में तेजी आएगी।
Leave a Reply