एटा। शहर में बुधवार को निकाली गई छात्र न्याय एवं शिक्षा अधिकार पदयात्रा को पुलिस ने जीटी रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके विरोध में प्रदर्शनकारी छात्र सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कुछ समय के लिए जीटी रोड और कलेक्ट्रेट मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, छात्र जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शहीद पार्क से धरना स्थल तक पदयात्रा निकाल रहे थे। मार्च जैसे ही जीटी रोड स्थित कलेक्ट्रेट मार्ग के पास पहुंचा, पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बैरिकेडिंग कर जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद छात्रों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच कराने, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाया जा रहा है और शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। यातायात को कुछ समय के लिए वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बाद में पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद माहौल शांत हो गया और यातायात भी सामान्य कर दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हालांकि एहतियात के तौर पर काफी देर तक पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।