
अलीगंज पुलिस ने चोरी की ट्रॉली बरामद की, घटना में प्रयुक्त महिंद्रा ट्रैक्टर भी कब्जे में; मुकदमे में बढ़ाई गई धारा
एटा। थाना अलीगंज पुलिस ने ट्रॉली चोरी की घटना का छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई कृषि ट्रॉली और घटना में प्रयुक्त महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम लडसिया निवासी बहार सिंह पुत्र बेंचेलाल ने 15 सितंबर को थाना अलीगंज में तहरीर देकर बताया था कि 14 सितंबर की रात अज्ञात व्यक्ति उसकी ट्रॉली चोरी कर ले गए। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 226/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
छह घंटे में पुलिस ने दबोचे आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने ट्रॉली की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में अलीगंज पुलिस ने प्रकाश में आए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवनीत पुत्र सुरेंद्र तिवारी, निवासी ग्राम जसी, थाना जहानगंज, फर्रुखाबाद और शिवम पुत्र कुलदीप दीक्षित, निवासी ग्राम बिछौरागंग, थाना अलीगंज, एटा के रूप में हुई है।
ट्रॉली और ट्रैक्टर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की कृषि ट्रॉली और वारदात में प्रयुक्त एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रुपेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक पंकज मणि गौतम, उपनिरीक्षक जगदीश सिंह, कांस्टेबल मनोज, जयदीप सिंह, अभिनव सिंह और सचिन कुमार शामिल रहे।
Leave a Reply