
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र के नगला सुमित गांव में मंगलवार सुबह मजदूरी के दौरान छत का लेंटर गिरने से एक युवक मलबे में दब गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
थाना जैथरा क्षेत्र के नगला बिजू गांव निवासी 28 वर्षीय रामकुमार पुत्र मेघ सिंह मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नगला सुमित गांव में पंकज राठौर पुत्र शिवकुमार सिंह के यहां मजदूरी करने गया था। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे रामकुमार पुराने लेंटर को तोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया और वह मलबे में दब गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद रामकुमार को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जैथरा थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया।
मृतक के पिता मेघ सिंह ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करने नगला सुमित गांव गया था। छत तोड़ने के दौरान अचानक लेंटर गिरने से वह मलबे में दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। रामकुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल है।
Leave a Reply