
उभयी असदनगर स्थित मां वैष्णो आइस एंड चिलर प्लांट में आधी रात हुआ हादसा, सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
Etah। थाना नयागांव क्षेत्र के उभयी असदनगर स्थित मां वैष्णो आइस एंड चिलर प्लांट में गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब साढ़े 12 बजे विद्युत करंट की चपेट में आने से ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही नयागांव पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।
मृतक की पहचान सुधीर पुत्र नेपाल, निवासी ग्राम मिहुता, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है। वह मां वैष्णो आइस एंड चिलर प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया गया कि रात में प्लांट पर काम करने के दौरान अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्लांट मालिक अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम के चलते रात में उन्हें सूचना मिली कि प्लांट पर काम कर रहा ऑपरेटर सुधीर विद्युत करंट की चपेट में आकर घायल हो गया है। सूचना मिलते ही वह चालक के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल सुधीर को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल अलीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
सीएचसी में मृत घोषित किया
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सक के अनुसार सुधीर को सीएचसी में ब्रॉड डेड स्थिति में लाया गया था। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। साथ ही नयागांव थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सुधीर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे छह बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। बच्चों में प्रांशि (18), सनी (15), काजल (13), दुर्गा (12), लवली (8), अंशी (5) और काव्या (3) शामिल हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply