एटा। जैथरा थाना क्षेत्र के गुहटिया कलां गांव में बुधवार देर रात घरेलू विवाद के बाद एक 25 वर्षीय विवाहिता ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन आनन-फानन में उसे एटा स्थित वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुहटिया कलां गांव निवासी रुबीना पत्नी आसिफ का बुधवार रात किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद रुबीना क्षुब्ध हो गई और उसने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन महिला को लेकर रात करीब 11:45 बजे वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज पहुंचे। चिकित्सकों ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

महिला के पति आसिफ ने बताया कि उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद रुबीना ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। आसिफ के मुताबिक, महिला की हालत गंभीर है और बेहतर उपचार के लिए उसे हायर सेंटर ले जाया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जैथरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।