एटा। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महुआट निवासी बृजेश कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध कब्जा और धन उगाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम महुआट की गाटा संख्या 502 नवीन परती भूमि ग्राम सभा की संपत्ति है। आरोप है कि ग्राम प्रधान कुसुमदेवी, उनके पति प्रेमचंद्र तथा एक कानूनगो की कथित मिलीभगत से इस सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कराया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक व्यक्ति से करीब एक लाख रुपये लेकर उक्त भूमि पर कब्जा दिलाया गया।

बृजेश कुमार का कहना है कि शिकायत करने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अन्य लोगों को भी ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा दिलाने की तैयारी की जा रही है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने तथा सरकारी भूमि को हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।

हालांकि, यह सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है और न ही जांच संबंधी कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।