
ग्राम नदराला में 1000 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास
एटा। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नदराला में वर्षों से जर्जर पड़े अलीगंज–ढटींगरा मार्ग के पुनर्निर्माण की दिशा में गुरुवार को बड़ी शुरुआत हुई। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर के प्रयासों के बाद शासन से स्वीकृति मिलने पर करीब 1000 मीटर लंबी आरसीसी सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
ग्राम नदराला और आसपास के ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क की खराब स्थिति के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता था। स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को विधायक के समक्ष उठाया, जिसके बाद उन्होंने शासन स्तर पर लगातार पैरवी कर सड़क निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाई।
शिलान्यास के अवसर पर विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्राम नदराला में बनने वाली यह आरसीसी सड़क क्षेत्र के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी तथा आसपास के गांवों के विकास को भी नई गति मिलेगी।
विधायक ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी इस विकास कार्य की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि “विकास की नई राह, जनसुविधा का सशक्त आधार” के संकल्प के साथ ग्राम नदराला में लगभग 1000 मीटर लंबी आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह सड़क क्षेत्र की प्रगति और जनसुविधा का मजबूत आधार बनेगी।

विधायक का बयान
विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा, “मेरी प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की किरण पहुंचाना है। ग्राम नदराला के लोगों की वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्य स्वीकृत हुआ। यह सड़क बनने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद मुझे निरंतर जनसेवा और विकास कार्यों के लिए प्रेरित करता है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहूंगा।”
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने विधायक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नदराला अहमद वारिस उर्फ बल्लू भाई, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष गुलबहार हुसैन सिद्दीकी, ग्राम प्रधान गायसिंहपुर अरमान खान, पूर्व प्रधान गायसिंहपुर समसुल खान, ग्राम प्रधान अलीपुर अंजुमल हसन, पूर्व प्रधान अलीपुर छोटे मियां, ग्राम प्रधान ढटींगरा, समाजसेवी अफलाख खान उर्फ लालू फौजी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से जर्जर पड़े इस मार्ग के बनने से आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply