आजमनगर अस्थायी गौ आश्रय स्थल में नोडल अधिकारी ने परखी व्यवस्थाएं, राजा का रामपुर कान्हा आश्रय स्थल में हरा चारा देने पर जोर
एटा। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र में बुधवार को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने आजमनगर स्थित अस्थायी गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गोवंश के लिए उपलब्ध चारा, पानी, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और संरक्षण की व्यवस्था को परखा। संबंधित कर्मचारियों को गौशाला में व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान छोटे गोवंश के लिए बनाए गए टीन शेड की स्थिति भी देखी गई। शेड में आवश्यक मरम्मत की जरूरत मिलने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल टीन शेड की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे गोवंश को बारिश, ठंड और अन्य मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाने के लिए सुरक्षित और पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाए।
नोडल अधिकारी ने गोवंश के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गोवंश के बीमार होने की स्थिति में उसे तत्काल चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाए। पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इसके बाद अधिकारियों ने राजा का रामपुर स्थित कान्हा आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार अलीगंज संजय कुमार ने गौशाला की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने गोवंश के लिए नियमित रूप से हरा चारा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही साफ-सफाई, पानी और पशुओं की देखभाल की व्यवस्था नियमित रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश को पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीवीओ अलीगंज डॉ. रविकांत सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
Leave a Reply