
मारहरा। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बुधवार को मारहरा-नदरई मार्ग स्थित प्रसिद्ध बेरिया वाले बाबा मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन की पवित्र आहुतियों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर के पुजारी उमेश कुमार यादव के नेतृत्व में विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर एटा, कासगंज, अलीगढ़ सहित विभिन्न जनपदों से आए साधु-संतों ने भी पूजा-अर्चना में भाग लेकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संतों ने गुरु की महिमा का वर्णन किया और जीवन में गुरु के मार्गदर्शन का अनुसरण करने का संदेश दिया।
हवन-पूजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर के पुजारी उमेश कुमार यादव ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रत्येक वर्ष विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस बार भी दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागी बने।
उधर, कस्बा मारहरा के मोहल्ला बस्ती स्थित माता मंगला काली मंदिर में भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए तथा प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply