पटियाली तहसील के गंगा पार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, अस्पताल, बिजलीघर, खाद केंद्र और क्षतिग्रस्त पुलियाओं के निर्माण की भी उठाई आवाज
कासगंज। गंगा पार क्षेत्र में लगातार हो रहे कटान और वर्षों से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर एडवोकेट एवं समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी पटियाली को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के विकास के साथ गंगा कटान से किसानों की जमीन और आबादी को बचाने के लिए स्थायी बांधों के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गई हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि पटियाली तहसील का गंगा पार क्षेत्र तथा गंगा से लगा तटीय इलाका आज भी विकास की मुख्यधारा से काफी पीछे है। यहां के ग्रामीण बाढ़, गंगा कटान, खराब सड़कों, बिजली की समस्या और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। हर वर्ष गंगा कटान के चलते बड़ी मात्रा में उपजाऊ कृषि भूमि प्रभावित होती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई स्थानों पर कटान के चलते आवागमन और आबादी की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
स्थायी बांध निर्माण को बताया सबसे जरूरी
ज्ञापन में रामताल से हिम्मतनगर बझेरा तक मजबूत एवं स्थायी बांध का निर्माण कराने की मांग की गई है। साथ ही हंसी नगला-मूंजखेड़ा से राजेपुर कुर्रा तक बांध निर्माण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की गई। कहा गया कि स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं होने की स्थिति में आने वाले वर्षों में गंगा कटान से कृषि भूमि और आबादी को और अधिक नुकसान होने की आशंका है।
नगला खिमाई में खाद केंद्र और गंगा पार सरकारी अस्पताल की मांग
क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए नगला खिमाई में सहकारी समिति खाद केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है। इससे किसानों को खाद और कृषि सामग्री के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इसके अलावा गंगा पार क्षेत्र में सरकारी अस्पताल स्थापित करने की मांग भी की गई है। ज्ञापन में कहा गया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को उपचार के लिए काफी दूर जाना पड़ता है और आपात स्थिति में परेशानी और बढ़ जाती है।
ओम नगरिया में बिजलीघर, कादरगंज पुल पर हाईमास्ट लगाने की मांग
गंगा पार ओम नगरिया में विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की गई है। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं कादरगंज पुल पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी की गई। ज्ञापन में कहा गया कि पुल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
तीन साल से टूटी पुलियाओं के निर्माण की मांग
ज्ञापन में नगला जयकिशन मार्ग पर गंगा कटान से क्षतिग्रस्त पुलिया और रामताल रोड की क्षतिग्रस्त पुलिया का तत्काल निर्माण कराने की मांग की गई। बताया गया कि दोनों पुलियाएं करीब तीन वर्षों से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही वहोरा से सनोड़ी खास तक खराब सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में दिक्कत होती है।
अब्दुल हफीज गांधी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि गंगा पार और तटीय क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्थायी बांध बनने से किसानों की भूमि और ग्रामीण आबादी को गंगा कटान से सुरक्षा मिलेगी, जबकि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और कृषि सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
Leave a Reply