
सकीट के बावली गांव में दर्दनाक हादसा, गंभीर हालत में आगरा रेफर
एटा/सकीट। थाना सकीट क्षेत्र के गांव बावली में रविवार शाम खेलते समय छह वर्षीय मासूम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। निर्माणाधीन मकान में गिरने से वहां लगी लोहे की सरिया उसके मुंह में घुसकर आरपार हो गई। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव बावली निवासी विनीत का छह वर्षीय पुत्र प्रबल रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह पड़ोसी अमृत सिंह फौजी के निर्माणाधीन मकान में जा गिरा।
बताया गया कि मकान में मौजूद लोहे की सरिया प्रबल के मुंह में घुसकर आरपार हो गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल मासूम को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भी मासूम के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे को लेकर लोग स्तब्ध हैं।

Leave a Reply