
20 हजार रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात चोरी, बंद मकान को बनाया निशाना; पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के खेरपुरा गांव में शनिवार रात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर ताले तोड़ दिए। चोर घर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। घटना की जानकारी होने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
खेरपुरा निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र दुलारे लाल ने बताया कि परिवार के लोग रात में मकान बंद कर पास स्थित अपने घेर में सोने चले जाते हैं। दिन के समय परिवार इसी मकान में रहता है और खाना-पीना भी यहीं बनाया जाता है। शनिवार रात भी परिवार के लोग मकान बंद कर घेर में सोने चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला।
पीड़ित के मुताबिक चोर घर से सोने के तीन आभूषण ले गए। इनमें कान की झुमकी, गले का पेंडल और नाक की बाली शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के तीन सामान भी चोरी हुए हैं। घर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी भी चोर ले गए। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह रकम मक्का बेचने के बाद घर में रखी गई थी।
सुबह मकान के ताले टूटे और अंदर सामान बिखरा मिलने पर परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजा का रामपुर अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मकान के अंदर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान में मदद मिल सकती है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जा रही है। थाना स्तर पर अभी पीड़ित की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply