
एटा। खेत से काम कर वापस लौट रहे 32 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को शुक्रवार देर शाम वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान प्रशांत पुत्र जयप्रकाश (32 वर्ष) निवासी गुलाबपुर, थाना सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रशांत खेतों में काम करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान वह एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर उसे तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन एटा स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। प्रशांत अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Leave a Reply