
एटा। मलावन थाना क्षेत्र के पुराव गांव में सोमवार दोपहर खेत की सिंचाई के दौरान एक किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। किसान को चक्कर आने के बाद वह खेत में ही अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (40) पुत्र श्रीनिवास, निवासी ग्राम पुराव, थाना मलावन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे प्रमोद कुमार अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आने के बाद वह खेत में ही गिर पड़े।
आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के घर में मातम छा गया। पत्नी विमलेश ने बताया कि परिवार में उनके पांच बच्चे हैं और परिवार का पालन-पोषण थोड़ी-सी कृषि भूमि से होने वाली खेती पर ही निर्भर था। पति की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिवार के सामने आजीविका का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
किसान की अचानक मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
Leave a Reply