मक्का, मूंगफली और आलू बेचकर जुटाई थी नकदी, पीछे की दीवार काटकर घर में घुसे चोर; फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के जानीपुर गांव में खेत में बने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि चोर मकान की पिछली दीवार काटकर अंदर घुसे और करीब तीन लाख रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। रविवार तड़के दीवार में नकब लगा देखकर परिवार को चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

जानीपुर निवासी 42 वर्षीय जय सिंह राजपूत पुत्र तोताराम ने बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे जब वह उठे तो मकान के अंदर से ताला लगा हुआ था। शक होने पर उन्होंने मकान के पीछे जाकर देखा तो दीवार कटी हुई थी और उसमें नकब लगा था। इसके बाद घर के अंदर सामान की जांच की गई तो नकदी और जेवरात गायब मिले।

पीड़ित के अनुसार चोर करीब तीन लाख रुपये की नकदी ले गए। यह रकम उन्होंने मक्का, मूंगफली और आलू की बिक्री से जुटाई थी। इसके अलावा चोर सोने की एक लर, एक पायल, कंधनी और चार जोड़ी तोड़िए भी चोरी कर ले गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को करीब साढ़े चार बजे दी।

पीछे की दीवार काटकर घुसे बदमाश

बताया गया कि खेत में बने मकान के आसपास रात के समय आवाजाही कम रहती है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान की पिछली दीवार काटी और नकब के रास्ते अंदर दाखिल हो गए। घर में रखी नकदी और जेवरात समेटने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

हल्का इंचार्ज हेमराज गौतम ने बताया कि मकान की पीछे वाली दीवार काटकर नकब लगाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए।

उन्होंने बताया कि फिलहाल पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड से मिले सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।