फर्दपुरा के पास हादसे में दोनों घायल, डायल 112 ने सीएचसी पहुंचाया; नीरज के पैर में गंभीर चोटें, हायर सेंटर रेफर

एटा। खेत के लिए डीजल लेकर घर लौट रहे दो बाइक सवार ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने नीरज की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, फर्दपुरा निवासी रामदयाल पुत्र जुगेंद्र सिंह (19) और नीरज पुत्र प्रेम सिंह (25) अलीगंज से अपने घर की ओर बाइक से लौट रहे थे। दोनों खेत के लिए डीजल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। नीरज की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि रामदयाल का सीएचसी पर उपचार किया जा रहा है।

वहीं घायल नीरज के भाई भरत सिंह ने बताया कि हादसे में घायल एक युवक उनके गांव फर्दपुरा का रामदयाल है, जबकि दूसरा उनका भाई नीरज है। उन्होंने बताया कि नीरज को हादसे में ज्यादा चोटें आई हैं और उसके पैर में गंभीर चोटें हैं, जिसके चलते चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया है।