
घर की दीवार तोड़ने का भी आरोप, चाचा-ताऊ के परिवारों के बीच विवाद; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला किस में खेत के रास्ते को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दबंगों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर जबरन प्रवेश किया और दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने घर की दीवार तोड़ने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
पीड़ित सुनील पुत्र रण सिंह (27 वर्ष) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के रजनेश, उमेश और देवेंद्र खेत के रास्ते के विवाद को लेकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने पहले घर का दरवाजा तोड़ दिया और फिर घर में घुसकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई आलोक पुत्र रण सिंह (25 वर्ष) को भी आरोपितों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने घर की दीवार भी क्षतिग्रस्त कर दी।
घटना की सूचना पर कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद खेत के रास्ते को लेकर है। दोनों पक्ष आपस में चाचा-ताऊ के परिवार के हैं। मामले की गहन विवेचना की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply